नरसिंहपुर।
ग्राम डेडवारा के विस्थापितों को शायद प्रशासन भुला चुका है।सड़क बिजली पानी जैसे मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति करना भी शासन को गंवारा नहीं है। शमशान घाट स्थित पानी की टंकी पर लगे मीटर से १५० घर तार खींचकर बिजली की जरूरत को पूरा करते हैं,पेयजल के लिए एक नल की व्यवस्था कर दी गई है परन्तु लगभग तीन सौ लोग एक ही नल से पानी भरते हैं और अक्सर ऐसी परिस्थिति में विवाद की स्थिति बन जाती है।शासन द्वारा दी गई जगह भी अपर्याप्त नजर आती है, एक परिवार गुजर बसर कर सके इतनी जगह भी शासन द्वारा प्रदान नहीं की गई।
आवास योजनन्तर्गत कुछ मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है हितग्राही को समय पर भुगतान नहीं होने पर सूदखोरों से कर्ज लेकर निर्माण करवाया जा रहा है उस पर भी प्रशासन चालीस हजार रुपए की किश्त घटाकर पच्चीस हजार रुपए हितग्राही को दे रहा है। अधिकारियों और छुट भैये नेताओं से बातचीत के बाद भी आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिलता है, देखना यह है कि क्या इन बस्तियों की खबर सिर्फ चुनाव के दौरान ही ली जाएगी।